बछिया का सिर काटने वालों के घरों पर चलाया जाए बुलडोजर
कलेक्ट्रेट में गौसेवकों ने की नारेबाजी
अनंत न्यूज़ @गुना। जिले में गौवंश के साथ हुई क्रूरता के मामले ने तूल पकड़ लिया है। औद्योगिक क्षेत्र में सामने आई इस घटना के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में गौसेवक कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के अवैध घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की है।
बीती 6 मार्च को गुना के औद्योगिक क्षेत्र में एक बछिया का कटा हुआ सिर मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस की तफ्तीश में खुलासा हुआ कि इस जघन्य अपराध को हड्डीमील निवासी एक विशेष समुदाय के तीन युवकों ने अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन गौसेवकों का आरोप है कि दर्ज की गई धाराएं काफी कमजोर हैं। प्रदर्शन के दौरान गौसेवकों ने पुलिस और प्रशासन की अब तक की कार्रवाई पर असंतोष जताया। उनकी मांग की है कि आरोपियों पर मामूली धाराओं के बजाय कठोरतम कानूनी प्रावधानों के तहत केस दर्ज किया जाए। इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले आरोपियों के अवैध मकानों को चिन्हित कर उन पर बुलडोजर चलाया जाए। ज्ञापन देने वाले गौ सेवकों ने आरोपियों का सार्वजनिक जुलूस निकालने की भी मांग की, हालांकि पुलिस ने कानून व्यवस्था और नियमों का हवाला देते हुए इससे इनकार कर दिया है। कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लेने के बाद जिला प्रशासन के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले को पुलिस विभाग के पास भेज दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि तथ्यों के आधार पर उचित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। गौसेवकों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।