नीट -यूजी परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न, डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण
कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच पारदर्शिता के साथ हुई परीक्षा, कई केंद्रों का लिया जायजा
जालौन |अनंत न्यूज़
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 जिले में शांतिपूर्ण, नकलविहीन और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी और सक्रियता के चलते परीक्षा की पारदर्शिता पूरी तरह सुनिश्चित की गई।
परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कई प्रमुख केंद्रों का किया निरीक्षण
डीएम और एसपी ने जवाहर नवोदय विद्यालय, दयानंद वैदिक कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सहित कई प्रमुख परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग, बैठने की व्यवस्था और प्रश्नपत्र वितरण प्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
पारदर्शिता पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुचित गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
वहीं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और प्रवेश द्वारों पर सख्त चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए थे, जिन्होंने लगातार निगरानी बनाए रखी। प्रशासनिक सख्ती और सतर्कता के चलते पूरे जिले में परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।