नजूल कॉलोनी में बनेगा रेल अंडर ब्रिज

केंद्रीय मंत्री सिंधिया के प्रयासों से रेल बोर्ड ने दी मंजूरी, 6 जुलाई को खुलेंगे टेंडर

नजूल कॉलोनी में बनेगा रेल अंडर ब्रिज

गुना।अनंत न्यूज़

शहर के नजूल कॉलोनी क्षेत्र के हजारों नागरिकों को रेल पटरी पार करने के जोखिम भरे खतरे से अब जल्द ही परमानेंट मुक्ति मिल जाएगी। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही बेहद महत्वपूर्ण मांग को हरी झंडी मिल गई है। केंद्रीय संचार एवं नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के विशेष प्रयासों के चलते रेलवे बोर्ड ने यहाँ बहुप्रतीक्षित रेल अंडर ब्रिज (आरयूबी) निर्माण की आधिकारिक स्वीकृति दे दी है। इस बड़े प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है और आगामी 6 जुलाई को इसके टेंडर खोल दिए जाएंगे।

जानकारी के अनुसार, नजूल कॉलोनी क्षेत्र में बनने वाला यह रेल अंडर ब्रिज आधुनिक 'आरसीसी बॉक्स' प्रकार का होगा। इसके बन जाने से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ शहर के एक बड़े हिस्से का आवागमन बेहद सुगम और सुरक्षित हो जाएगा। गौरतलब है कि इस क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से रेलवे पटरी पार करके आने-जाने को मजबूर थे, जिससे आए दिन हादसों का अंदेशा बना रहता था। स्थानीय स्तर पर इस मांग को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इस बड़ी सौगात के मिलने पर गुना के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में भारी उत्साह है। बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया गया है। आभार जताने वालों में मुख्य रूप से जिला भाजपा अध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार, पूर्व मंत्री महेंद्र सिसोदिया, नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता, योगेंद्र लुम्बा, अरुण चतुवेर्दी, विठ्ठल दास मीना, सुनील शुभम, गिर्राज भार्गव, अनुराग शर्मा शामिल हैं। इसके साथ ही, इस समस्या को लेकर लंबे समय से मुखर रहने वाले और लगातार आवाज उठाते रहने वाले स्थानीय पार्षद कैलाश धाकड़ सहित क्षेत्र के हजारों नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए हर्ष व्यक्त किया है।