दिशा बैठक में सांसद अनुराग शर्मा का बड़ा एक्शन, लापरवाह अधिकारियों को सख्त चेतावनी

पेयजल, बिजली, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं पर जताई नाराजगी, विकास कार्यों में देरी पर एफआईआर तक की चेतावनी

दिशा बैठक में सांसद अनुराग शर्मा का बड़ा एक्शन, लापरवाह अधिकारियों को सख्त चेतावनी

ललितपुर |अनंत न्यूज़

ललितपुर में दिशा समिति की बैठक के दौरान सांसद अनुराग शर्मा ने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। पेयजल, बिजली, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताते हुए कई अधिकारियों को फटकार लगाई और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में सांसद ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मड़ावरा ब्लॉक के 200 और अन्य ब्लॉकों के 500 की आबादी वाले मजरों को पक्की सड़कों से जोड़ने की घोषणा की। हर घर नल योजना से प्रभावित गांवों में पेयजल आपूर्ति तत्काल बहाल करने, बिजली विभाग में जेई और लाइनमैनों के कार्यक्षेत्र बदलने तथा स्वयं सहायता समूहों को दुग्ध उत्पादन से जोड़ने के निर्देश दिए गए।

सांसद अनुराग शर्मा ने निर्माण कार्यों में देरी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए साफ कहा कि यदि कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई तो संबंधित एजेंसियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। वहीं शहर की पेयजल योजना में लापरवाही पर जल निगम के अवर अभियंता को फटकार लगाई गई और स्वास्थ्य विभाग को पोस्टमार्टम के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

दिशा बैठक में विकास कार्यों को गति देने के लिए कई अहम फैसले लिए गए। सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित के कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।