थाने में बर्बरता का आरोप: युवक की पिटाई से मचा बवाल, विधायक जयवर्धन सिंह ने उठाए सवाल

थाने में बर्बरता का आरोप: युवक की पिटाई से मचा बवाल, विधायक जयवर्धन सिंह ने उठाए सवाल

अनंत न्यूज़ @ गुना | जिले के राघौगढ़ थाने में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। थाना परिसर में एक युवक के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, 28 मार्च 2026 को राघौगढ़ निवासी नीरज सैनी को पुलिस थाने लेकर आई, जहां उसके साथ कथित रूप से गाली-गलौज और बेरहमी से मारपीट की गई। मारपीट के बाद युवक की तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते परिजनों ने उसे साडा कॉलोनी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर बाद में उसे गुना के एक निजी अस्पताल में शिफ्ट करना पड़ा। मामला तब और गरमा गया जब पीड़ित के बड़े भाई अभिषेक सैनी के साथ भी थाने में अभद्रता और मारपीट के आरोप लगे।

विधायक ने अपने पत्र में कहा कि केवल दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच करना पर्याप्त नहीं है, जबकि शिकायत में तीन कर्मियों का नाम सामने आया है। उन्होंने साफ कहा कि सभी दोषियों पर समान कार्रवाई होनी चाहिए।

विधायक ने चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो यह मामला जनआक्रोश का कारण बन सकता है।