तेज रफ्तार बस ने गाय को टक्कर मारी, 300 मीटर तक घसीटा

गौसेवकों ने एफआईआर के लिए कोतवाली में दिया आवेदन

तेज रफ्तार बस ने गाय को टक्कर मारी, 300 मीटर तक घसीटा
कोतवाली में आवेदन देने पहुंचे राष्ट्रीय बजरंगदल के पदाधिकारी।

गुना। अनंत न्यूज़

कुशमौदा क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार बस द्वारा गाय को टक्कर मारने और उसे घसीटने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसके खिलाफ कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय बजरंग दल ने कोतवाली थाने में शिकायती आवेदन दिया है।

जानकारी सामने आई है कि गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात करीब 3 बजे कुशमौदा क्षेत्र में एक अनियंत्रित बस ने सड़क पर जा रही गाय को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस गाय को करीब 200 से 300 मीटर तक घसीटती हुई ले गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद भी ड्राइवर ने बस नहीं रोकी और वाहन को तेजी से शिवपुरी की तरफ भगा ले गया। घटना की भनक लगते ही राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता तुरंत सक्रिय हुए। कार्यकतार्ओं ने अपने स्तर पर बस का पीछा भी किया, लेकिन तब तक बस संचालक वाहन सहित भागने में सफल रहा। इस घटना को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। मामले में सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रीय बजरंग दल ने संबंधित ट्रेवल्स और बस की पूरी जानकारी जुटाकर कोतवाली पुलिस को सौंप दी है और आरोपी बस संचालक पर तत्काल मामला दर्ज करने का आवेदन दिया है। इसके साथ ही संगठन ने आम जनमानस और प्रशासन से गौ-वंश की सुरक्षा में सहयोग करने का आह्वान किया है।