कुंभराज-खटकिया मार्ग पर पेड़ से टकराई कार, दो मजदूरों की मौत
टेंट हाऊस संचालक सहित 4 लोग गंभीर घायल
गुना।अनंत न्यूज़
जिले के कुंभराज-खटकिया मार्ग पर शनिवार रात एक मारुति कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेंट संचालक सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें भोपाल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी सामने आई है कि बीनागंज निवासी टेंट हाउस संचालक अमित अग्रवाल कुंभराज क्षेत्र में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में लगा अपना टेंट का सामान वापस समेटने के लिए लेबर के साथ आए थे। शनिवार रात करीब 10 बजे काम खत्म कर जब सभी लोग कार से वापस लौट रहे थे, तभी खटकिया रोड पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में कुल 6 लोग सवार थे। दुर्घटना में कार सवार श्रमिक बलराम मोगिया (38 वर्ष) और कपिल मोगिया (20 वर्ष), दोनों निवासी बीजनीपुरा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में टेंट संचालक अमित अग्रवाल सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अन्य घायलों में कान्हा लोधा निवासी ग्राम खातौली, विशाल और महेश मोगिया शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और चारों गंभीर घायलों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।