आर्य समाज गुना की स्थापना के शताब्दी वर्ष पर निकली रैली

आर्य समाज गुना की स्थापना के शताब्दी वर्ष पर निकली रैली

गुना।अनंत न्यूज़

आर्य समाज गुना 26 जुलाई को अपनी स्थापना के 100वें वर्ष में प्रवेश करने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर आर्य समाज के पदाधिकारियों, सदस्यों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा शहर में देशभक्ति के गीतों के साथ एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में राष्ट्र प्रेम, सामाजिक समरसता, नशा मुक्ति, स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा वैदिक संस्कृति के प्रति जन-जागरूकता फैलाना था। यह रैली आर्य समाज परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र सदर बाजार, बोहरा मस्जिद, भगत सिंह चौक और मानस भवन होते हुए पुन: आर्य समाज भवन पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में नगरवासियों और व्यापारियों ने गुलाब की पंखुड़ियों से रैली का भव्य स्वागत किया। रैली में सैकड़ों विद्यार्थी हाथों में पवित्र ओम् लिखी ध्वजाएँ और वेदों के उपदेश व नियमों से सजी तख्तियाँ थामे नजर आए। भजन गायक ओमप्रकाश श्रीवास्तव के मधुर भजनों और देशभक्ति गीतों ने माहौल को धर्ममय बना दिया। कार्यक्रम में आर्य समाज के अध्यक्ष विष्णु प्रसाद पंचोली, मंत्री हरि दत्त शर्मा, वरिष्ठ सभासद इंजी. विनय शास्त्री, उपाध्यक्ष मनोज सोनी, प्राचार्य मंजुला शास्त्री, पूर्व छात्र इंजी. संजीव गर्ग, अनिल आर्य, निरूपा आर्य, प्रमोद सोनी, श्रीधर शर्मा, प्रधान अध्यापक रामबाबू चंदेल, सुरेंद्र शर्मा सहित शिक्षक, विद्यार्थी और सैकड़ों अनुयायी शामिल हुए।