साइकिलों पर सवार होकर उड़ान भरेंगी एमएलबी की लाडलियां

तिलक लगाकर हुआ 'प्रवेश उत्सव', विधायक और कलेक्टर ने खिलाए सफलता के फूल

साइकिलों पर सवार होकर उड़ान भरेंगी एमएलबी की लाडलियां
एमएलबी की छात्राओं को साइकिल सौंपते विधायक-कलेक्टर।

अनंत न्यूज़ @गुना। शिक्षा का मंदिर जब उत्सव के उल्लास से सराबोर हो और नन्हे कदमों का स्वागत फूलों की बारिश के साथ हो, तो समझ लीजिए कि भविष्य की नींव सुनहरी होने वाली है। कुछ ऐसा ही नजारा आज मंगलवार को स्थानीय शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई (एमएलबी) कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में देखने को मिला। 'स्कूल चलें हम' अभियान के तहत आयोजित इस 'प्रवेश उत्सव' में न केवल नई किताबों की खुशबू महकी, बल्कि छात्राओं के सपनों को 'साइकिल' के पहिए भी मिले।

समारोह की सबसे रोमांचक तस्वीर तब देखने को मिली जब अतिथियों ने छात्राओं को शासन की ओर से निशुल्क साइकिलें प्रदान कीं। नई साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे; अब ये बेटियां न केवल समय पर स्कूल पहुंचेंगी, बल्कि अपनी सफलता की राह पर भी फरार्टा भरेंगी। इसके साथ ही नवीन कक्षा में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को निशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया, ताकि ज्ञान की इस यात्रा में संसाधनों की कोई कमी न रहे। समारोह का भव्य शुभारंभ विधायक पन्नालाल शाक्य, नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सारिका लुंबा, नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्म सोनी, कलेक्टर किशोर कन्याल और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे ने मां सरस्वती के पूजन के साथ किया।

पहले गुरुपूर्णिमा पर होता था विद्यारंभ: विधायक

संबोधन के दौरान विधायक पन्नालाल शाक्य ने प्राचीन गुरुकुल परंपरा की याद ताजा की। उन्होंने कहा कि पहले गुरुपूर्णिमा के दिन विद्यारंभ होता था, जिससे समाज को श्रवण कुमार जैसी महान संतानें मिलती थीं। उन्होंने आज के दौर में पाठ्यक्रम में 'नैतिक शिक्षा' की अनिवार्यता पर जोर दिया। वहीं, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सारिका लुंबा ने अपने छात्र जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

खूब मेहनत करो: कलेक्टर

कलेक्टर किशोर कन्याल का अंदाज बेहद प्रेरणादायी रहा। उन्होंने छात्राओं के बीच जाकर उनकी रुचि और करियर के लक्ष्यों पर चर्चा की। उन्होंने शासन की लैपटॉप वितरण योजना का जिक्र करते हुए छात्राओं को मंत्र दिया कि खूब मेहनत करो और अपनी प्रतिभा के दम पर इस योजना का लाभ उठाओ।

सीएम का संदेश और सांस्कृतिक छटा

विद्यालय की प्राचार्य मृदुला सक्सेना ने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने की सीख दी। इस दौरान भोपाल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बड़ी स्क्रीन पर किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रेरक संदेश को सभी ने उत्साहपूर्वक सुना। विद्यालय की छात्राओं ने इस अवसर पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

नई ऊर्जा के साथ शिक्षा का शंखनाद

समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी राजेश गोयल सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मुस्तैद रहा। कार्यक्रम का जीवंत संचालन आशिष टांटिया और नरेंद्र शर्मा ने किया। प्रवेश उत्सव के इस जादुई माहौल ने न केवल छात्राओं में नई ऊर्जा भरी, बल्कि यह संदेश भी दिया कि जब बेटियां शिक्षित होती हैं, तो पूरा समाज विकास की ओर कदम बढ़ाता है। एमएलबी स्कूल का आंगन आज नई किताबों की महक और लाडलियों की खिलखिलाहट से गूँज उठा।

विधायक बोले-दूल्हा घोड़ी पर चढ़े कैसे, उसकी तो निगाह चोरी पर है...

कार्यक्रम के दौरान स्कूल प्रबंधन ने गुना विधायक पन्नालाल शाक्य से जर्जर इमारत की मरम्मत के लिए राशि की मांग की। विधायक ने कहा कि पूरे भवन का सर्वे कराकर बता दें कितना खर्चा आएगा। अभी निधि नहीं आई नहीं, जल्द ही आ जाएगी। उनके कार्यकाल में अभी दो साल और बांकी है, छह महीने और बढ़ जाएंगे। इसी बीच स्कूल प्रबंधन ने कहा कि उन्होंने विभाग को लेकर लिख दिया। विधायक का जवाब था कि विभाग छोड़ो, विभाग कैसा है, मुझे मालूम है। सब एक पे एक 11 बैठे हैं। सबकी निगाह वहां तो ऐसी हैं... कि भाषण मत समझना। दूल्हा घोड़ी पर चढ़े कैसे, उसकी तो निगाह चोर पर है। हमारे पास जो भी आएगा, हम वादा करते हैं, सर्वे कराकर हमें देना। मैं भरपूर सहयोग करूंगा।