महाराणा प्रताप जयंती पर निकली मिनी मैराथन, युवाओं ने दिया नशा मुक्त भारत का संदेश
सर्व समाज की सहभागिता से हुआ आयोजन, विजेताओं को किया गया सम्मानित
गुना। अनंत न्यूज़
क्षत्रिय वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार को गुना नगर में एक प्रेरणादायक मिनी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। सर्व समाज के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नशा मुक्त समाज का संदेश देना था।
मिनी मैराथन का शुभारंभ शहर के ऐतिहासिक गोपाल मंदिर परिसर से हुआ। दौड़ में शामिल प्रतिभागी पीजी कॉलेज मार्ग से होते हुए महाराणा प्रताप पार्क पहुंचे, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया। पूरे मार्ग में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। प्रतिभागियों ने हाथों में संदेश पट्टिकाएं लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश भी दिया।
'नशा मुक्त भारत' रही आयोजन की मुख्य थीम
आयोजन की मुख्य थीम "नशा मुक्त भारत" रखी गई थी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे।
इस आयोजन में मन मेंटल हेल्थ अवेयरनेस एंड नेटवर्किंग समिति ने सह-आयोजक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समिति के सदस्यों ने प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति के संबंध में जानकारी देते हुए स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
विजेता धावकों का किया गया सम्मान
मैराथन के समापन पर आयोजित समारोह में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं
17 को निकलेगा भव्य चल समारोह
आयोजकों ने बताया कि महाराणा प्रताप जयंती का मुख्य आयोजन बुधवार, 17 जून को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर शाम 5 बजे प्रताप छात्रावास से भव्य चल समारोह निकाला जाएगा। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः प्रताप छात्रावास पहुंचेगी। समारोह में महाराणा प्रताप के जीवन, त्याग, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
समाज को जोड़ने का प्रयास
आयोजकों का कहना है कि महाराणा प्रताप केवल एक समाज विशेष के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के प्रेरणास्रोत हैं। उनकी जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को उनके आदर्शों से जोड़ना और समाज में एकता, भाईचारे तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है। मिनी मैराथन के माध्यम से युवाओं ने न केवल महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि अर्पित की, बल्कि स्वस्थ एवं नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी दोहराया।