जीआईसी प्रवक्ता परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
ललितपुर |अनंत न्यूज़
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) प्रवक्ता परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। केवल आपात स्थिति में केंद्र व्यवस्थापक और सेक्टर मजिस्ट्रेट को मोबाइल उपयोग की अनुमति होगी। अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग जांच कक्ष, पेयजल, ओआरएस, एम्बुलेंस एवं शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला विद्यालय निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि परीक्षा जिले के चार केंद्रों—राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, वर्णी जैन इंटर कॉलेज एवं रघुवीर सिंह राजकीय महाविद्यालय में आयोजित होगी। परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक संपन्न कराई जाएगी।
प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए हैं।