गुना विधायक पन्नालाल शाक्य के तीखे तेवर

2008 में मेरा टिकट काट दिया, 2013 में हराने का प्रयास किया

गुना विधायक पन्नालाल शाक्य के तीखे तेवर

गुना। अनंत न्यूज़

गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य एक बार फिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनके तेवर काफी तल्ख नजर आ रहे हैं। वीडियो में विधायक शाक्य साफ तौर पर संकेत दे रहे हैं कि राजनीति में उन्हें रोकने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन वे रुकने वाले नहीं हैं।

शाक्य ने अपनी तुलना प्रकृति के तत्वों से करते हुए कहा, हवा और पानी को कोई नहीं रोक पाता है, मुझे भी कोई नहीं रोक पाएगा। वायरल वीडियो में विधायक पन्नालाल शाक्य ने खुलकर अपनी ही पार्टी के भीतर चल रही खींचतान की ओर इशारा किया। उन्होंने अतीत के पन्नों को पलटते हुए कहा कि साल 2008 में उनका टिकट काट दिया गया था। साल 2013 में उन्हें चुनाव हराने का पूरा प्रयास किया गया, लेकिन जनता के समर्थन से वे जीत गए। साल 2023 के विधानसभा चुनाव में तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद वे एक बार फिर भारी मतों से जीतकर विधानसभा पहुंचे। यह पहला मौका नहीं है जब पन्नालाल शाक्य ने इस तरह की बयानबाजी की हो। वे अक्सर सत्ताधारी दल के ही बड़े नेताओं पर कड़े तंज कसने और अपनी सरकार को कटघरे में खड़ा करने के लिए जाने जाते हैं। राजनीतिक गलियारों में यह माना जाता है कि उनके निशाने पर मुख्य रूप से गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक नेता रहते हैं। अपने बेबाक और बागी तेवरों के कारण पन्नालाल शाक्य कई बार भारतीय जनता पार्टी के संगठन के लिए असहज स्थिति पैदा कर चुके हैं। फिलहाल, इस वायरल वीडियो के बाद जिले की सियासत गरमा गई है और विपक्ष को भी बैठे-बिठाए एक मुद्दा मिल गया है।