कुंभराज में कानून-व्यवस्था सुधारने मैदान में उतरे एसडीएम और एसडीओपी,थानों का किया संयुक्त निरीक्षण
अनंत न्यूज़ @गुना। क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त मोर्चा संभाला है। इसी क्रम में 20 मार्च को एसडीएम चाचौड़ा रवि मालवीय और एसडीओपी मनोज झा द्वारा बांसाहेड़ा चौकी और मृगवास थाने का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने पुलिस कार्यप्रणाली के साथ-साथ थानों में बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुलिस बल को निर्देशित किया कि थानों में आने वाले फरियादियों और आम नागरिकों के साथ सौम्य एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की छवि जनता के बीच मददगार की होनी चाहिए। साथ ही, पीड़ितों की लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित प्रभारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। एसडीएम और एसडीओपी ने चौकी व थाना परिसर में साफ-सफाई की स्थिति देखी और शिकायत पंजी का अवलोकन किया। फरियादियों के बैठने की व्यवस्था और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को भी परखा गया। हवालात का निरीक्षण करते हुए वहां की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने लंबित अपराधों की समीक्षा की और जांच प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
संसाधनों के लिए एसपी कार्यालय भेजी जाएगी मांग
निरीक्षण के दौरान थानों में आवश्यक सामग्री और संसाधनों की कमी को दूर करने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय को तत्काल मांग पत्र भेजने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों का मानना है कि इस प्रकार के अनुभाग स्तरीय संयुक्त निरीक्षणों से न केवल पुलिसिंग में सुधार होगा, बल्कि जिले में शांति व्यवस्था भी बेहतर होगी। इस अवसर पर मृगवास थाना प्रभारी सुरेश कुशवाह, बांसाहेड़ा चौकी प्रभारी जगदीश जाटव सहित पुलिस बल और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।