अशोकनगर में सोशल मीडिया हनीट्रैप गैंग का पर्दाफाश, युवती से 1.30 करोड़ की ठगी और दुष्कर्म का आरोप

फर्जी क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर ब्लैकमेलिंग; चार आरोपी गिरफ्तार, सोना-चांदी, वाहन और नकदी बरामद

अशोकनगर में सोशल मीडिया हनीट्रैप गैंग का पर्दाफाश, युवती से 1.30 करोड़ की ठगी और दुष्कर्म का आरोप

अशोकनगर |अनंत न्यूज़ 

 अशोकनगर पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए युवती को प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले संगठित गैंग का खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य सिंह तोमर, आयुषी चौहान, आकाश चौहान और आर्यन सोनी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदे गए सोने-चांदी के आभूषण, थार वाहन, स्कूटी और नकदी बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि लगभग पांच वर्ष पहले, जब वह नाबालिग थी और कक्षा 12वीं में पढ़ रही थी, तभी उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से आरोपी आदित्य सिंह तोमर से हुई। आरोपी ने प्रेम संबंध और शादी का झांसा देकर उसे अपने प्रभाव में लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़िता की जानकारी और सहमति के बिना आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। बाद में इन्हीं फोटो-वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेलिंग की गई। आरोपी खुद को फर्जी क्राइम ब्रांच अधिकारी बताकर भी धमकाते थे।

पुलिस के अनुसार गैंग ने भय और बदनामी का डर दिखाकर पीड़िता से कई बार पैसे वसूले। आरोपियों की मददगार आयुषी चौहान खुद को एस्ट्रोलॉजर बताती थी और लोगों को भविष्य व ग्रह-नक्षत्रों के नाम पर प्रभावित करती थी। आरोप है कि वह फर्जी पुलिस अधिकारियों तक पैसे पहुंचाने के नाम पर पीड़िता से रकम लेती थी।

अशोकनगर पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य संलिप्त लोगों और आर्थिक लेन-देन की विस्तृत जांच जारी है।