अपंजीकृत मैरिज गार्डनों पर प्रशासन का शिकंजा
राजस्व और नपा की संयुक्त टीम ने किया औचक निरीक्षण, दी सख्त हिदायत
गुना।अनंत न्यूज़
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देश एवं अपर कलेक्टर अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में शहर के अपंजीकृत मैरिज गार्डनों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को राजस्व और नगर पालिका की संयुक्त टीम द्वारा शहर के विभिन्न मैरिज गार्डनों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण दल में शामिल नायब तहसीलदार आरती गौतम, नगर पालिका के सहायक राजस्व निरीक्षक ईशान खान व दिनेश नामदेव और पटवारी संतोष शर्मा ने होटल सत्यम पैलेस, होटल प्रेम ग्रीन, शहनाई गार्डन सहित अन्य अपंजीकृत मैरिज गार्डनों की जांच की। इस दौरान मैरिज गार्डन संचालकों के पंजीयन, आवश्यक अनुमतियों और अन्य विधिक दस्तावेजों को खंगाला गया। संयुक्त टीम ने सभी संचालकों को निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने, अनिवार्य पंजीयन व अनुमति प्राप्त करने तथा शासन द्वारा तय मानकों को पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में बिना वैध पंजीयन के मैरिज गार्डनों का संचालन पाया गया, तो नियमानुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के मुताबिक, नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।