फतेहगढ़ ग्राम पंचायत कार्यालय में लाखों की चोरी
पुलिस ने जांच का हवाला देकर नहीं दर्ज की एफआईआर
गुना। अनंत न्यूज़
जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के कोहन गांव से सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिया कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने वाली एक खबर सामने आई है। यहां अज्ञात चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए सीधे ग्राम पंचायत कार्यालय को ही अपना निशाना बना डाला। चोरों ने पंचायत भवन का ताला तोड़कर वहां रखा कीमती सामान पार कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि घटना के बाद जब जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे, तो पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बजाय सिर्फ शिकायती आवेदन लेकर उन्हें टरका दिया।
ग्राम पंचायत सचिव राधेश्याम भार्गव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात अज्ञात चोरों ने कोहन ग्राम पंचायत कार्यालय के ताले चटकाए। इसके बाद चोर भवन के भीतर दाखिल हुए और वहां रखी एक बड़ी छएऊ टीवी, आॅफिस की मुख्य चेयर, 15 से अधिक प्लास्टिक की कुर्सियां और कार्यालय में रखा अन्य जरूरी सामान चोरी कर आसानी से फरार हो गए। सुबह जब चोरी की इस बड़ी वारदात का पता चला तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इसके बाद सरपंच और सचिव राधेश्याम भार्गव तुरंत चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने फतेहगढ़ थाने पहुंचे। लेकिन पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने तत्परता दिखाने के बजाय जांच का हवाला देकर सिर्फ एक शिकायती आवेदन लिया और खानापूर्ति कर दी। सचिव के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पहले मौके पर जाकर मामले की जांच की जाएगी, उसके बाद ही एफआईआर दर्ज होगी। सरकारी दफ्तर में हुई इस चोरी और उस पर पुलिस के ढुलमुल रवैए को लेकर ग्रामीणों और पंचायत जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि जब सरकारी दफ्तर ही सुरक्षित नहीं हैं और वहां हुई चोरी पर तुरंत मामला दर्ज नहीं हो रहा, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा।