नीट परीक्षा पेपर लेकर के विरोध में सवर्ण आर्मी का प्रदर्शन
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका
गुना। अनंत न्यूज़
नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर गुना में भी लोगों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। शनिवार देर शाम कांग्रेस ने शहर में मसाल जुलूस निकाला। इसके बाद रविवार को आर्मी ने जयस्तंभ चौराहे पर केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।
सवर्ण आर्मी के जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह तोमर के नेतृत्व में कार्यकतार्ओं ने एकत्रित होकर न केवल केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, बल्कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला भी दहन किया। प्रदर्शन के दौरान सवर्ण आर्मी ने देश की परीक्षा प्रणालियों पर गंभीर सवाल उठाए। संगठन ने दावा किया कि बीते 10 वर्षों में देश के भीतर अलग-अलग विभागों और परीक्षाओं के कुल 79 पेपर लीक हो चुके हैं। बार-बार होने वाली इन घटनाओं से साफ है कि युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है और देश की प्रतिष्ठित परीक्षा प्रणालियों की साख खत्म हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने देश में लगातार बढ़ रहे शिक्षा के माफियाकरण पर गहरी चिंता व्यक्त की। सवर्ण आर्मी के पदाधिकारियों ने इसके लिए सीधे तौर पर केंद्र की मोदी सरकार को दोषी ठहराया। पुतला दहन के दौरान सवर्ण आर्मी के कार्यकतार्ओं ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह का इस्तीफा भी मांगा गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक पेपर लीक के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी नहीं बनाया जाता, तब तक उनका यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।