गुना के भुजरिया तालाब का होगा कायाकल्प
वॉकिंग ट्रैक, किड्स जोन और बोटिंग की तैयारी, कलेक्टर ने किया निरीक्षण
अनंत न्यूज़ @गुना। शहर के ऐतिहासिक और प्राकृतिक सौंदर्य के केंद्र भुजरिया तालाब को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। शुक्रवार को कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने नगरीय प्रशासन, राजस्व विभाग और आर्किटेक्ट टीम के साथ तालाब परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया और भविष्य की विकास योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आर्किटेक्ट मनीष नामदेव ने प्रारंभिक मास्टर प्लान का खाका प्रस्तुत किया। इस प्रस्तावित योजना के तहत तालाब के चारों ओर एक आउटर रोड के साथ आधुनिक वॉकिंग ट्रैक विकसित किया जाएगा। नागरिकों के मनोरंजन के लिए परिसर में किड्स जोन, फन जोन और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए 'वोकल फॉर लोकल' मार्केट बनाने की योजना है। तालाब के आकर्षण को बढ़ाने के लिए इसके मध्य स्थित टापू को एक सुंदर सेल्फी पॉइंट के रूप में तैयार किया जाएगा, जिसके चारों ओर स्थायी जलभराव वाला डीप वॉटर जोन होगा। पर्यटकों के लिए यहाँ जल्द ही बोटिंग (नौकायन) की सुविधा भी शुरू करने का प्रस्ताव है। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के अवसर पर एसडीएम गुना शिवानी पांडेय, पीओ डूडा संजय श्रीवास्तव, तहसीलदार जी.एस. बैरवा सहित नगरीय प्रशासन और राजस्व विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। भुजरिया तालाब के इस सौंदर्यीकरण से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार और मनोरंजन के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।
पार्किंग और व्यवस्थित मास्टर प्लान पर जोर
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि पूरी परियोजना का व्यावहारिक प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से पार्किंग व्यवस्था को लेकर सख्त हिदायत दी कि यहाँ कम से कम 500 दोपहिया और चार पहिया वाहनों के लिए पर्याप्त जगह सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में आने वाले पर्यटकों को असुविधा न हो। इसके साथ ही राजस्व टीम को निर्देशित किया गया है कि प्रस्तावित क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली शासकीय और निजी भूमि का सटीक विवरण तैयार करें। इस डेटा के आधार पर एक प्रभावी मास्टर प्लान अंतिम रूप देकर शासन को स्वीकृति हेतु भेजा जाएगा।