मृगवास के बांसाहेड़ा में युवक का शव मिलने से सनसनी

मामले को एसपी ने माना संदिग्ध, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

मृगवास के बांसाहेड़ा में युवक का शव मिलने से सनसनी

गुना।अनंत न्यूज़

मृगवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बांसाहेड़ा इलाके में बीती देर शाम एक युवक का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटना स्थल पर जमा हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचित किया गया।

मौके पर पहुंची मृगवास थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर शिनाख्त की कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान नैनकराम उर्फ आजाद, पुत्र नंदलाल गुर्जर के रूप में हुई है। पुलिस ने तत्काल मृतक के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस संवेदनशील मामले को लेकर गुना पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मौत के असल कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आ सकेगी, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की हर एंगल से तफ्तीश कर रही है।