आदिश नगर के 100 परिवारों पर मंडराया बाढ़ का खतरा

खेत मालिक ने रोका नाले का पानी, नपा ने दिया आश्वासन

आदिश नगर के 100 परिवारों पर मंडराया बाढ़ का खतरा

गुना।अनंत न्यूज़

मानसून की शुरूआत होते ही वार्ड क्रमांक 21 स्थित आदिश नगर कॉलोनी के रहवासियों की चिंताएं बढ़ गई हैं। कॉलोनी में जल निकासी की सुचारू व्यवस्था न होने और एक खेत मालिक द्वारा पानी का प्राकृतिक रास्ता रोके जाने के कारण यहां बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका पैदा हो गई है। इसी समस्या को लेकर गुरुवार को बड़ी संख्या में कॉलोनी के रहवासी नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को शिकायती आवेदन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन देने पहुंचे रहवासियों ने बताया कि आदिश नगर कॉलोनी के पानी की निकासी एक नाले के जरिए होती है। लेकिन पिछले करीब तीन महीनों से एक स्थानीय खेत मालिक ने इस नाले के पानी को आगे जाने से रोक दिया है। इसके चलते कॉलोनी में अभी से ही पानी जमा होने लगा है। रहवासियों का कहना है कि यदि शहर में तेज बारिश होती है, तो पूरी कॉलोनी डूब क्षेत्र में आ जाएगी और 100 से अधिक परिवारों के घरों के भीतर पानी घुस जाएगा, जिससे भारी जनहानि और आर्थिक नुकसान हो सकता है। कॉलोनी के लोगों में इस बात को लेकर भी गहरा आक्रोश है कि वे पिछले दो महीनों से लगातार सीएम हेल्पलाइन पर इस गंभीर समस्या की गुहार लगा रहे हैं। प्रशासन को समय रहते पूर्व सूचना दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लापरवाही का आलम यह है कि बारिश का दौर शुरू होने के बाद भी लोग प्रशासनिक अमले के चक्कर काटने को मजबूर हैं। शिकायत सुनने के बाद गुरुवार को नगर पालिका के अधिकारियों ने रहवासियों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही टीम भेजकर मौके का मुआयना कराया जाएगा और जल निकासी का रास्ता साफ कराया जाएगा। अब देखना यह होगा कि नगर पालिका अमला समय रहते जागता है या फिर कॉलोनी के डूबने के बाद ही प्रशासन की नींद खुलेगी।