सड़कों पर उतरी यातायात पुलिस, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर चला शिकंजा
व्यस्त बाजारों में पैदल मार्च कर पुलिस ने संभाली कमान, व्हील लॉक लगाकर हुई कार्रवाई, दुकानदारों और वाहन चालकों को दी सख्त चेतावनी
गुना। अनंत न्यूज़
शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए गुरुवार को यातायात पुलिस पूरी सक्रियता के साथ सड़कों पर उतर आई। व्यस्त बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पैदल भ्रमण कर पुलिस ने न केवल यातायात व्यवस्था का जायजा लिया, बल्कि अवैध पार्किंग और सड़क पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की। अभियान के दौरान सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों पर व्हील लॉक लगाकर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस कप्तान हितिका वासल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में चलाए गए इस विशेष अभियान का नेतृत्व डीएसपी यातायात मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में यातायात थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने किया। पुलिस टीम ने जगत होटल, गुरुद्वारा रोड, ममता डेयरी और लाहोटी मार्ग जैसे अत्यधिक व्यस्त इलाकों में पैदल मार्च करते हुए यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया और मौके पर ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान दुकानदारों, हाथ ठेला संचालकों और वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे सड़क पर अतिक्रमण न करें और अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि शहरवासियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन कर वे शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।