आरोन में 'पानीपत गैंग' का फिर उत्पात , डीजे संचालक के साथ मारपीट कर लूटा सामान, एसपी दफ्तर पहुंचे पीड़ित
गुना / आरोन कस्बे में शादी समारोह को लेकर हुई मारपीट और डीजे उपकरण लूटने की वारदात का हवाला देते हुए नानाखेड़ी पिपरौदा खुर्द के रहवासियों ने सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाते हुए एसपी कार्यालय में एक शिकायती आवेदन सौंपा है। बताया जा रहा है कि पूरा विवाद आरोन की बहुचर्चित पानीपत गैंग से जुड़ा हुआ है, जिसको लेकर आरोन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो फरियादी पक्ष को गुना आकर एसपी से गुहार लगाना पड़ गई है। फरियादी छोटू कुशवाह पुत्र बलराम कुशवाह ने बताया कि 19 फरवरी की रात वे अपना डीजे लेकर आरोन के पठार मोहल्ला में एक बारात में गए थे, जहाँ मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटनाक्रम के अनुसार लखन राजपूत नामक व्यक्ति ने डीजे पर गाना बदलने की बात को लेकर बहस शुरू की और गाली-गलौज करने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि जब डीजे लखन राजपूत के घर के सामने से गुजरा, तो उसने अपने 20-25 साथियों के साथ मिलकर पथराव शुरू कर दिया। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावर खुद को 'पानीपत गैंग' का सदस्य बता रहे थे। इस गैंग ने न केवल बारातियों और डीजे संचालकों के साथ जमकर मारपीट की, बल्कि डीजे का कीमती सामान और उपकरण भी छीन लिए। घटना के बाद इलाके में इतनी दहशत फैल गई कि पीड़ित परिवार और महिलाएं दो दिनों तक डर के मारे गांव से बाहर नहीं निकल सके। शनिवार को बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे छोटू कुशवाह ने बताया कि आरोन थाना पुलिस ने इस मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है, जिसके कारण उन्हें जिला मुख्यालय आकर गुहार लगानी पड़ी। पीड़ितों ने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और लूटा गया सामान वापस दिलाने की मांग की है।