नाबालिग के अंधे कत्ल का खुलासा ! महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लेने पर हाथ बांधकर कुएं में फेंका था
अनंत न्यूज़ @ गुना। जिला पुलिस ने करीब एक साल पुराने नाबालिग बालक की हत्या के पेचीदा मामले का सफल खुलासा किया है। धरनावदा थाना पुलिस ने अथक प्रयासों और सटीक मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी ने बालक की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी थी क्योंकि उसने आरोपी को एक महिला के साथ संदिग्ध अवस्था में देख लिया था।
बीते साल 14 फरवरी 2025 को धरनावदा थाना क्षेत्र से एक 15 वर्षीय बालक लापता हो गया था। अगले ही दिन 15 फरवरी को बालक का शव गांव के ही एक कुएं में हाथ बंधी हुई संदिग्ध स्थिति में बरामद हुआ। पुलिस ने प्रारंभ में अपहरण का मामला दर्ज किया था, लेकिन पोस्टमार्टम और जांच में हाथ बंधे होने की पुष्टि होने के बाद इसमें हत्या की धारा 103(1) बीएनएस का इजाफा किया गया।
पुलिस की सक्रियता से टूटा आरोपी
पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी द्वारा लंबित गंभीर प्रकरणों की समीक्षा के दौरान इस मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए अज्ञात आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रभात कटारे और उनकी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं पर काम करना शुरू किया। इसी क्रम में पुलिस ने ग्राम खेजरा गुरुजी निवासी गोपाल यादव (55) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
राज खुलने के डर से दी खौफनाक सजा
आरोपी गोपाल यादव ने पूछताछ में बताया कि घटना वाले दिन वह एक महिला के साथ संदिग्ध स्थिति में था, जिसे बालक ने देख लिया था। महिला तो मौके से भाग गई, लेकिन गोपाल को डर था कि बालक यह बात पूरे गांव में फैला देगा। इसी बदनामी के डर से उसने कुएं के पाइप में बंधे कपड़े और रस्सी से बालक के हाथ बांध दिए और उसे जिंदा ही कुएं में फेंक दिया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई।