भतीजे को बुरी संगत से टोकना चाचा को पड़ा भारी, दबंगों ने तलवार से किया जानलेवा हमला, तीन घायल

भतीजे को बुरी संगत से टोकना चाचा को पड़ा भारी,  दबंगों ने तलवार से किया जानलेवा हमला, तीन घायल

गुना। आरोन थाना क्षेत्र के मेहमूदगंज इलाके में रविवार सुबह मामूली विवाद ने उस समय खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जब एक पक्ष ने सरेराह तलवार निकालकर हमला कर दिया। इस हिंसक वारदात में मुख्य फरियादी समेत उनके भाई और भतीजे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। विवाद की वजह महज इतनी थी कि चाचा ने अपने भतीजे को मोहल्ले के कुछ लड़कों की बुरी संगत से दूर रहने की सलाह दी थी। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। फरियादी उमर मियां का भतीजा आहद, मोहल्ले के ही अयान और अल्फियान नाम के युवकों के साथ घर लौट रहा था। अपने भतीजे को गलत रास्ते पर जाने से बचाने के उद्देश्य से उमर मियां ने उसे टोकते हुए उन युवकों का साथ छोड़ने की सलाह दी। यह बात पास खड़े अयान और अल्फियान को इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने उमर मियां को सरेराह भद्दी गालियां देना शुरू कर दिया और विवाद पर उतारू हो गए। देखते ही देखते हंगामा बढ़ गया और इसी बीच आरोपी अयान का पिता कलीम मियां हाथ में नंगी तलवार लेकर मौके पर पहुँच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कलीम ने बिना सोचे-समझे सीधे उमर मियां पर तलवार से हमला कर दिया। तलवार का पहला वार उमर के बाएं हाथ की कलाई से कोहनी तक लगा, जिससे गहरा घाव हो गया। जब उमर ने खुद को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने दूसरा वार उनके दाहिने कंधे पर कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। मौके पर मची चीख-पुकार सुनकर उमर के भाई बादशाह मियां और भतीजा साहिल उन्हें बचाने दौड़े। जब बादशाह मियां ने हमलावर कलीम के हाथ से तलवार छीनने की कोशिश की, तो तलवार की धार से उनके दोनों हाथों की उंगलियां और पंजे बुरी तरह कट गए। इसी दौरान आरोपी अयान ने साहिल पर डंडे से हमला कर उसे भी चोटिल कर दिया। गनीमत रही कि उमर की पत्नी रुखसाना और अन्य पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया, वरना कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। वारदात को अंजाम देकर भागते समय आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। हादसे के तुरंत बाद परिजनों ने घायलों को उपचार के लिए आरोन अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका प्राथमिक इलाज जारी है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कलीम मियां, अयान और अल्फियान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि परिजनों ने साहस दिखाते हुए हमलावर से जो तलवार छीनी थी, उसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश और मामले की कानूनी बारीकियों की जांच में जुटी है।