संजय स्टेडियम पर शुरु हुई 38वीं शास्त्री हॉकी स्पर्धा पहले ही मुकाबले में गुना ने सागर को दी पटखनी
शहर के संजय गांधी हॉकी स्टेडियम के एस्टोटर्फ मैदान पर लगभग 9 साल के लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर 'अखिल भारतीय स्व. श्री लाल बहादुर शास्त्री स्मृति स्वर्ण कप हॉकी टूनार्मेंट' की गूँज सुनाई दी। सोमवार, 2 फरवरी से शुरू हुए इस 38वें आयोजन का भव्य उद्घाटन ध्वजारोहण और रंगारंग समारोह के साथ किया गया। उद्घाटन मैच मेजबान गुना और सागर की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें गुना की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए सागर को 3-1 से पराजित कर टूनार्मेंट में अपनी विजयी शुरूआत की।
शुभारंभ समारोह में ओलंपिक पदक विजेता अशोक ध्यानचंद, गुना विधायक पन्नालाल शाक्य, और नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता बतौर अतिथि मौजूद रहे। इस दौरान मैदान के बाहर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस स्पर्धा को देखने के लिए उत्साहित नजर आई। हमेशा की तरह अपने बेबाक अंदाज के लिए चर्चित गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने जब मंच संभाला, तो पूरा स्टेडियम उन्हें सुनने के लिए उत्सुक हो गया। विधायक ने खिलाड़ियों को शारीरिक मजबूती के लिए देशी नुस्खा देते हुए सलाह दी कि वे चने खाएं। उन्होंने कहा, खिलाड़ियों से शर्त लिखवाओ कि खेलने के बाद पानी में गलाए हुए चने खाओ, तभी बाजुओं और पैरों में दम आएगा। वरना 4-5 बार मैदान के चक्कर लगाने के बाद खिलाड़ी श्वान (डॉग) जैसे हांफने लगते हैं। झांसी की रानी का घोड़ा भी चना खाकर ही किले से कूदा था।
गुना के कोच का मजाक उड़ाया, ऐसे नहीं चलेंगे
संबोधन के दौरान विधायक ने एक स्थानीय कोच के मोटापे की ओर इशारा करते हुए चुटकी ली और कहा कि ऐसे कोच नहीं चलेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब कोच स्वयं नहीं दौड़ पाएंगे, तो वे खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कैसे करेंगे। बता दें कि गुना में लंबे समय से एक कोच हॉकी के खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दे रहे हैं। उनका वजन काफी ज्यादा है, विधायक ने लगभग उनके पेट का जिक्र करते हुए हाथों से इशारा करते हुए मजाक उड़ाया।
गुना की विभूतियों का किया स्मरण
विधायक शाक्य ने गुना की माटी का गौरव गान करते हुए कहा कि इस भूमि ने गणितज्ञ विजय पाटौदी, पूर्व मुख्य न्यायाधीश आर.सी. लाहोटी और सिंधिया परिवार जैसी अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त हस्तियां दी हैं। उन्होंने बालिकाओं द्वारा वाद्य यंत्र बजाने की कला की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश में आज भी लक्ष्मीबाई और सीता जैसी गुणवान महिलाओं की कमी नहीं है।
नपा अध्यक्ष से की स्थाई फंड की मांग
विधायक ने नगरपालिका अध्यक्ष और पार्षदों से अपील की कि हॉकी के संवर्धन के लिए नपा में एक 'स्थाई फंड' बनाया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी आते-जाते रहते हैं, लेकिन खेल की निरंतरता के लिए बजट पर कभी 'कैंची' नहीं चलनी चाहिए। उन्होंने पार्षदों से अगली बैठक में इस हेतु प्रस्ताव पारित करने का आग्रह किया ताकि खिलाड़ियों के पोषण और खेल सुविधाओं में कमी न आए।
अशोक ध्यानचंद बोले, गुना ने हॉकी को जीवित रखा
कार्यक्रम में बमौर अतिथि शामिल होने आए आॅलम्पियन अशोक ध्यानचंद ने 9 साल बाद शास्त्री कप शुरु होने पर प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि गुना के नागरिक और नगरपालिका ने इस खेल को जीवित रखा है, यह प्रसन्नता की है। ध्यानचंद ने हाल ही में आए देश के आम बजट को सराहा और खेलों के प्रति सरकार के दृष्टिकोण व प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि साल 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी भारत को अवश्य मिलेगी। इसके अलावा कॉमनवेल्थ खेलों के आयोजन को भी नए आयाम दिए जाने की चर्चा की।