मनमानी के खिलाफ एनएसयूआई का दूसरे दिन भी हल्लाबोल

मनमानी के खिलाफ एनएसयूआई का दूसरे दिन भी हल्लाबोल

अनंत न्यूज़ @ गुना। क्रांतिवीर तात्याटोपे विश्वविद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं और प्रबंधन की मनमानी के खिलाफ एनएसयूआई का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष फलेशुराम सिसौदिया के नेतृत्व में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। 
छात्र संगठन का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रबंधन की लापरवाही के चलते गुना, शिवपुरी और अशोकनगर के करीब 500 छात्र-छात्राओं का एक साल बर्बाद हो गया है। पोर्टल में तकनीकी खामी की वजह से इन छात्रों के एनरोलमेंट नंबर जनरेट नहीं हो सके, जिससे वे परीक्षा से वंचित हो गए। रही-सही कसर गुरुवार को तब पूरी हो गई जब अचानक प्राइवेट छात्रों की परीक्षा निरस्त होने की सूचना दी गई, जिससे परीक्षार्थियों में हड़कंप मच गया और उनके भविष्य पर संकट के बादल गहरा गए। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई ने कुलपति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे छात्रों की समस्याओं को हल करने के बजाय 'वीआईपी कल्चर' में मशगूल हैं। संगठन ने कुलपति की गाड़ी पर अनाधिकृत रूप से हूटर लगा होने का दावा करते हुए इसे सत्ता का दुरुपयोग बताया। जिला अध्यक्ष फलेशुराम सिसौदिया ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में भाजपा नेताओं का बेरोक-टोक आना-जाना लगा रहता है और कई लोग तो हथियार लेकर परिसर में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे शैक्षणिक माहौल खराब हो रहा है। एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि चूंकि प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय प्रबंधन उनकी मांगों को अनसुना कर रहा है, इसलिए अब वे छात्र हित में हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे और इस पूरी अनियमितता के खिलाफ याचिका दायर करेंगे।