बजरंगगढ़ के 25 परिवारों पर बेदखली का संकट, वन विभाग को जमीन देने के विरोध में पहुंचे जनसुनवाई
अनंत न्यूज़ @ गुना। गुना तहसील के ग्राम भिलेरा (बजरंगगढ़) के लगभग 25 परिवारों ने अपनी पुश्तैनी भूमि को वन विभाग को हस्तांतरित किए जाने के विरोध में मंगलवार को कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में गुहार लगाई। पीडि़त परिवारों का कहना है कि वे दशकों से इस भूमि पर काबिज हैं और इसी से उनके परिवार का भरण-पोषण होता है।
ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि उक्त सर्वे नंबर पर उनके पक्के मकान बने हैं और सिंचाई के लिए ट्यूबवेल व डीपी भी लगी है। किसानों ने कड़ी मेहनत से इस जमीन पर जामफल, आम, कटहल और नींबू के लगभग 5000 फलदार वृक्ष लगाए हैं। अब राजस्व विभाग द्वारा इस उपजाऊ भूमि को वन विभाग को सौंपा जा रहा है, जिसके बाद वन विभाग उन्हें वहां से बेदखल करने की तैयारी कर रहा है। आवेदकों का कहना है कि वे नियमित रूप से तहसील में जुर्माने की राशि भी जमा करते आए हैं। यदि उन्हें वहां से हटाया गया, तो उनके सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो जाएगा। ग्रामीणों ने भूमि का पट्टा देने और हस्तांतरण पर रोक लगाने की मांग की है।