फ्लोर पर डांस करने से रोका तो दूल्हे के पिता, भाई और रिश्तेदारों को किया लहूलुहान
पीड़ित पक्ष का आरोप: बारात रोकने की कोशिश, 7 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती
अनंत न्यूज़ @गुना। जिले के बीनागंज चौकी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सुंदरपुरा में एक शादी समारोह की खुशियाँ उस समय मातम और चीख-पुकार में बदल गर्इं, जब नशे में धुत दबंगों ने दूल्हे के परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। महज डांस फ्लोर पर हुड़दंग करने से रोकने की छोटी सी बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने दूल्हे के पिता, भाई और अन्य परिजनों को बेरहमी से पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुंदरपुरा निवासी पूरनलाल कुशवाह के बेटे नंदकिशोर उर्फ कान्हा की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। बुधवार रात घर पर खुशियों का माहौल था और नृत्यांगनाएं नृत्य कर रही थीं। इसी दौरान गांव के ही मीना समाज के कुछ युवक शराब के नशे में धुत होकर आए और डांस फ्लोर पर चढ़कर उत्पात मचाने लगे। जब दूल्हा पक्ष और परिजनों ने उन्हें शालीनता से रोकने की कोशिश की, तो आरोपी भड़क गए। शुरूआत में उनके बीच झूमाझटकी हुई, जिसे उपस्थित लोगों ने समझा-बुझाकर शांत करा दिया और रात में बारात की रस्में आगे बढ़ीं।
सुबह घर में घुसकर किया जानलेवा हमला
विवाद रात में थमा जरूर था, लेकिन आरोपियों के मन में रंजिश बरकरार थी। पूरनलाल कुशवाह के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब 5 बजे, जब घर के लोग बारात गुना ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी आरोपी हरभजन, रघुवीर, हरिबहादुर, नेनकराम मीना अपने 10 से 12 अन्य साथियों के साथ अचानक आ धमके। हमलावरों ने दूल्हा पक्ष के लोगों को घर से बाहर निकाल-निकालकर लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इस हमले में दूल्हे के पिता पूरनलाल कुशवाह, संतोष, चाचा विजय सिंह समेत परिवार के करीब 7 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
एंबुलेंस को रोका, पुलिस वाहन के सामने खड़े हुए आरोपी
आरोपियों का दुस्साहस इस कदर था कि उन्होंने न केवल मारपीट की, बल्कि घायलों को ले जाने के लिए आई एंबुलेंस को भी एक बार वापस लौटने पर मजबूर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने बारात न निकलने देने की चुनौती दी और पुलिस वाहन को भी रोकने का प्रयास किया। पीड़ित रानू कुशवाह ने बताया कि उनके साले और रिश्तेदारों को बेरहमी से पीटा गया है। हालत इतनी गंभीर थी कि पूरनलाल कुशवाह को प्राथमिक उपचार के बाद गुना जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा।
दोपहर तक दर्ज नहीं हो सकी एफआईआर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। हालांकि पुलिस ने शुरूआती तौर पर आरोपियों को समझाइश दी है, लेकिन पीड़ित पक्ष की शिकायत पर अब एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बारात को पुलिस सुरक्षा के बीच रवाना करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इस हिंसक घटना ने शादी की खुशियों के बीच दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।