अधिवेशन का शुभारंभ CM डॉ. मोहन यादव ने किया
छात्र शक्ति में ही राष्ट्र भक्ति समाहित – मुख्यमंत्री डॉ. यादव
गुना / अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का 57वां प्रांतीय अधिवेशन गुना में गुरुवार से प्रारम्भ हुआ। तीन दिन चलने वाले इस अधिवेशन का शुभारंभ प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव ने किया। इस मौके पर ABVP के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान भी उपस्थित रहे।
अधिवेशन को सम्भोदित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि छात्र शक्ति में ही राष्ट्र भक्ति समाहित होती है। विद्यार्थी अपने जीवन में शिक्षा और व्यावहारिक ज्ञान के साथ निरंतर आगे बढे़ और चिंतन-मनन के साथ अपने कर्तव्य पथ पर अग्रसर हों।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गुना में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित होकर अद्भुत आनंद की अनुभूति हुई है। विद्यार्थी जीवन भविष्य को तय करता है। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक ज्ञान से परिपूर्ण होना चाहिए। हम सभी को राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ समाज को एक नयी दिशा प्रदान करने का दायित्व निभाना चाहिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को आदर्श मानकर उनके बताये मार्ग पर आगे बढे और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करें। विद्यार्थियों की शक्ति से ही भारत में लोकतंत्र की नींव मजबूत हुई है। मताधिकार 18 वर्ष के युवाओं को प्राप्त हुआ है। शिक्षा व्यवस्था के व्यापारीकरण को समाप्त किया गया। साथ ही शिक्षा में सुधार के लिये आवश्यकतानुसार बदलाव किया जा रहा हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हमारे प्राचीन आदर्शों को सहेजने तथा संस्कृति को अक्षुण्ण बनाये रखने के सराहनीय प्रयास किये गये है। उन्होंने शिक्षा की महत्ता को देश में स्थापित किया हैं। साथ ही नयी शिक्षा नीति तथा प्राचीन संस्कृति को सहेजने के लिये आवश्यक कदम उठाये हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गुना जिले को तात्या टोपे विश्वविद्यालय की सौगात मिलने से विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा के प्रति आगे बढ़ाने के रास्ते आसान होगे। उन्होनें कहा कि प्रदेश में 55 एक्सीलेंस कॉलेज प्रारंभ किये गये हैं। साथ ही कृषि संकाय की पढाई प्रारंभ करवाई गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कॉलेजों में रोजगार देने वाले कोर्स प्रारंभ करने के लिये सरकार प्रतिबद्ध हैं। प्रदेश में 15 वर्ष में 30 मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किये गये। इन कॉलेजों में 5 हजार बच्चों की सीटें सुरक्षित रखी गई। आने वाले समय में 52 मेडिकल कॉलेजों में 10 हजार युवाओं को लाभ दिलाये जाने की योजना पर सरकार कार्य कर रही हैं।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान ने कहा कि यह बहुत सुंदर अवसर है। यह जगह गुना चंबल और मालवा का द्वार कहा जाता है। यह टेकरी सरकार की धरती है। यह वीरों की धरती है। विद्यार्थी परिषद ने मांग उठाई कि देश का नाम भारत होना चाहिए। संविधान की चर्चा हिंदी में भी होना चाहिए। हम सभी को जोड़ने की कोई एक भाषा होनी चाहिए। अपने शैशव काल में ही विद्यार्थी परिषद ने इस पर चर्चा की।
प्रांत मंत्री संदीप वैष्णव ने कहा कि विद्यार्थी परिषद ने कई आंदोलनों का नेतृत्व किया है। छात्र शक्ति, राष्ट्र शक्ति के विचार के साथ विद्यार्थी परिषद का कार्यकर्त्ता आगे बढ़ता है।
आपको बता दें अपनी स्थापना के बाद से पहली बार ABVP का प्रांत सम्मेलन गुना में आयोजित किया गया है। इसको लेकर दो महीने से तैयारियां शुरू हो गई थीं। तीन दिन तक यह सम्मेलन चलेगा। अधिवेशन स्थल से 20 दिसंबर को दोपहर बाद एक भव्य शोभा यात्रा शहर के विभिन मार्गों से होते हुए शास्त्री पार्क तक जाएगी।शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 21 दिसंबर को सुबह के सत्र में पेश किए गए प्रस्तावों पर चर्चा होगी और उन्हें पारित किया जाएगा। शाम के सत्र में संगठनात्मक घोषणाएं होंगी। इसमें कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी।