गुना l जिले में भारतीय जनता पार्टी ने मंडल अध्यक्षों की नई सूची जारी कर दी है। 21 मंडलों में से 16 मंडलों के अध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी गई है, जबकि 5 मंडलों को फिलहाल होल्ड पर रखा गया है। जिन मंडलों की घोषणा रोकी गई है, उनमें कैंट, पगारा, बजरंगगढ़, म्याना और आरोन शामिल हैं।
आपको बता दें मंडल अध्यक्ष चुनने की यह प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद गोटिया के निर्देशन में संचालित हो रही है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 15 दिसंबर तक सभी मंडलों के अध्यक्ष चुने जाने की प्रक्रिया पूरी की जानी है। पार्टी ने इस कार्य के लिए रायशुमारी प्रक्रिया अपनाई, जिसके तहत कार्यकर्ताओं और संबंधित क्षेत्र के पदाधिकारियों से परामर्श लिया गया।
मिली जानकारी अनुसार गुरुवार और शुक्रवार की देर रात तक चली गहन चर्चा और रायशुमारी के बाद 16 मंडलों के अध्यक्षों के नामों की घोषणा की गई। जिन मंडलों के नाम घोषित हुए हैं, वहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ नए नेतृत्व का स्वागत किया।
कैंट, पगारा, बजरंगगढ़, म्याना और आरोन जैसे महत्वपूर्ण मंडलों की घोषणा को फिलहाल होल्ड पर रखा गया है। सूत्रों के मुताबिक, इन मंडलों में उम्मीदवारों के चयन को लेकर कुछ मतभेद हैं, जिन्हें सुलझाने के लिए पार्टी नेतृत्व ने अतिरिक्त समय लिया है। इन मंडलों में पार्टी कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि जल्द ही योग्य और सर्वसम्मत उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाएंगे।