गुना / नगरपालिका गुना के वार्ड क्रमांक 10 में हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी ने एकतरफा जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को 2548 वोट से हराया। कांग्रेस प्रत्याशी को महज 246 वोट ही मिले। कांग्रेस कैंडिडेट की जमानत ही जप्त हो गई।
बता दें कि वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद डॉ कल्याण लोधा का डेंगू से निधन हो गया था। इस वजह से वार्ड 10 में उपचुनाव हुआ। सोमवार को उपचुनाव के लिए मतदान किया गया। प्रमुख रूप से भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी ही मैदान में थे। भाजपा ने जहां डॉ कल्याण लोधा के बेटे विनोद लोधा को प्रत्याशी बनाया तो वहीं कांग्रेस ने प्रेमनारायण कुशवाह को मैदान में उतारा था।
गुरुवार को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में सुबह 9 बजे से काउंटिंग हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर डॉ सतेन्द्र सिंह की मौजूदगी में काउंटिंग हुई। काउंटिंग में भाजपा प्रत्याशी विनोद लोधा को 2794 वोट मिले। कांग्रेस कैंडिडेट प्रेमनारायण कुशवाह को महज 246 वोट ही मिले। निर्दलीय प्रत्याशी खालिद बंटी को 89 और अल्ताफ अहमद को 40 वोट मिले। पांचों मतदान केंद्रों पर नोटा को 16 वोट मिले।
गुरुवा को हुई काउंटिंग के आए परिणाम के हिसाब से कांग्रेस प्रत्याशी की जमानत जप्त हो गई। भाजपा प्रत्याशी को लगभग 88 प्रतिशत वोट मिले। बाकी सभी तीनों प्रत्याशियों की जमानत जप्त हो गई। बाकी तीनों प्रत्याशियों को महज 12 प्रतिशत वोट ही मिले। इस जीत पर भाजपा प्रत्याशी विनोद लोधा ने सभी मतदाताओं का आभा माना। कलेक्टर डॉ सतेन्द्र सिंह ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र दिया।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अरविंद गुप्ता ने कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार के नेतृत्व में पूरा चुनाव लड़ा गया। इस नतीजे से यह साफ है कि जनता ने विकास के मुद्दे पर मतदान किया है। मतदाताओं ने वोट के जरिए अपने नेता स्व कल्याण लोधा को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। भाजपा प्रत्याशी को ऐतिहासिक मतों से जिताया है। यह भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम है।