गुना / ABVP का 57वां प्रांतीय सम्मेलन गुना में 19 से 21 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को आयोजन स्थल पर तैयारियों का भूमिपूजन किया गया।
बता दें कि मध्यभारत प्रांत का 57वां प्रांत अधिवेशन गुना में सम्पन्न होने जा रहा है। अधिवेशन के लिए स्वागत समिति का गठन किया गया है। समिति में उद्योग एवं व्यापार संघ के अध्यक्ष राजेश मोहन अग्रवाल को स्वागत समिति का अध्यक्ष और परिषद के पूर्व कार्यकर्ता रहे यशवर्धन भार्गव को सचिव चुना गया है। उनकी ही देखरेख और मार्गदर्शन में सम्मेलन की तैयारियां की जा रही हैं।
सम्मेलन के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी खेल प्रशाल के सामने वाले ग्राउंड में भूमिपूजन किया गया। स्वागत समिति के अध्यक्ष राजेश मोहन अग्रवाल और सचिव यशवर्धन भार्गव ने सपत्नीक भूमिपूजन किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार, गुना विधायक पन्नालाल शाक्य, विद्यार्थी परिषद के अखिल भारतीय खेलों भारत प्रमुख प्रदीप शेखावत, प्रान्त अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र राजपूत, प्रान्त संगठन मंत्री रोहित दुबे, जिला संगठन मंत्री अतुल बुधौलिया, पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष आशीष मंगल, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अरविंद गुप्ता, मीडिया प्रभारी विकास जैन नखराली युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव मोनू रघुवंशी, सुरेश रघुवंशी संगम, अनुसुइया रघुवंशी, संध्या लोधी सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सम्मेलन में 18 जिलों के 1200 प्रतिनिधि भाग लेंगे। वे 18 दिसंबर की शाम तक गुना पहुंचेंगे। 18 दिसंबर की शाम को प्रदर्शनी उद्घाटन से सम्मेलन की शुरुआत होगी। अगले दिन 19 दिसंबर को सुबह 9 बजे से उद्घाटन सत्र होगा। इसमें संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारी सहित अन्य अतिथि शामिल होंगे और उनका संबोधन होगा।
इसके बाद डेलीगेट सत्र शुरू होंगे। इसमें कई प्रस्ताव पेश किए जाएंगे 20 दिसंबर की सुबह भी प्रस्ताव पेश होंगे और उन पर चर्चा होगी। 20 दिसंबर को दोपहर 3 बजे से जुलूस निकाला जाएगा। स्टेडियम से शुरू होकर जुलूस शास्त्री पार्क पहुंचेगा। यहां एक मंचीय कार्यक्रम होगा। इसके बाद जुलूस वापस स्टेडियम पहुंचेगी शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
21 दिसंबर को सुबह के सत्र में पेश किए गए प्रस्तावों पर चर्चा होगी और उन्हें पारित किया जाएगा। शाम के सत्र में संगठनात्मक घोषणाएं होंगी। इसमें कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी। पिछले दिनों विद्यार्थी परिषद के मध्यक्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री चेतस सुखाड़िया ने स्वागत समिति की बैठक ली। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया।