गुना / प्रदेश में 10 दिसंबर मंगलवार से तेज ठंड का दौर शुरू होगा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के असर से प्रदेश में बर्फीली हवाएं आएंगी। जिनकी वजह से भोपाल-इंदौर समेत पूरे प्रदेश में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक पारा गिर जाएगा। उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर 12.6 किमी की ऊंचाई पर 260 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। यहां पर एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी एक्टिव हो रहा है। इस वजह से बर्फ पिघलेगी और फिर हवा की रफ्तार तेज हो जाएगी। जिसका असर मध्यप्रदेश में भी देखने को मिलेगा।
गुना में भी सोमवार को शीतलहर जैसी स्थिति देखने को मिली । दिन भर नागरिक ठिठुरते नजर आए। 24 घंटे में ही तापमान 4 डिग्री तक गिर गया। वहीं रात का तापमान 8 डिग्री के आसपास बना रहा। रविवार-सोमवार रात गुना प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा जिला रहा। सोमवार मंगलवार रात न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री दर्ज किया गया।
गुना में सोमवार को अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार को यह 28.7 डिग्री था। 24 घंटों में ही अधिकतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट आ गई। वहीं रविवार -सोमवार की रात इस सीजन की अभी तक की सबसे सर्द रात रही। न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री दर्ज हुआ। शनिवार-रविवार की रात यह 11.6 डिग्री दर्ज किया गया था।